बुधवार दोपहर मोबाइल खरीदने की बात कहकर घर से निकला था आकाश
महेवागंज। त्रिकोलिया गांव में मोबाइल खरीदने की बात कहकर घर से निकले युवक का शव दूसरे दिन खेत में लहूलुहान हालत में बरामद हुआ। मृतक के सीने में गोली लगने के निशान मिले हैं। शव के पास तमंचा भी बरामद हुआ है। प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका पुलिस जता रही है। पुलिस ने मृतक के पिता की ओर से गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
त्रिकोलिया निवासी राकेश ने बताया कि उसका पुत्र आकाश (24) बुधवार शाम करीब तीन बजे बाइक से लखीमपुर मोबाइल फ़ोन खरीदने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा। इससे उसकी तलाश शुरू की गई, पर उसका कुछ पता नहीं लगा।
बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के किनारे गन्ने के खेत में युवक की बाइक पड़ी देखी तो उसके घर खबर की। परिजन मौके पर पहुंचे। कुछ दूरी पर बेटे का शव और पास ही तमंचा और खोखा पड़ा देख सभी के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस डॉग स्कवाड और फिंगर एक्सपर्ट टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीन दिन पहले मिली थी धमकी
मृतक के पिता राकेश ने बताया कि बेटे की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उसके कोई संतान नहीं है। आरोप लगाया कि तीन दिन पहले गांव निवासी एक व्यक्ति ने मृतक की पत्नी को फोन कर पति की हत्या करने की धमकी दी थी। मृतक के पिता ने प्रेम प्रसंग में पुत्र की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
हत्या और आत्महत्या में उलझी पुलिस
मृतक के पिता के मुताबिक, उनकी या उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। इससे पहले कभी किसी से कोई विवाद भी नहीं हुआ। किसी लड़की से प्रेम प्रसंग की बात उन्हें तीन दिन पहले पता लगी जब आरोपी ने बहू के फोन पर बेटे को लड़की से दूर रहने की धमकी दी। उधर, पुलिस का मानना है कि प्रेम संबंध की बात सामने आने के बाद मृतक और पत्नी के बीच भी विवाद हुआ था। पुलिस की मानें तो मृतक के सीने पर एक ही गोली लगने के निशान मिले हैं। पास ही तमंचा और एक खोखा कारतूस मिला। गोली मारी गई या उसने खुद मारी पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम और मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट आने का इंतजार है।
खेत से युवक का शव बरामद हुआ है। सीने पर गोली के निशान और पास ही तमंचा मिला है। मृतक के पिता ने प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप एक व्यक्ति पर लगाया है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
- अरविंद वर्मा, सीओ सिटी