बृहस्पतिवार को मोहाना नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से हो गई थी युवक और एक बालिका की डूबने से मौत
तिकुनिया। मोहाना नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से एक युवक और बालिका के डूबकर मौत हो जाने के मामले में परिजन ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। एक ही गांव के युवक और बालिका के नदी में डूब जाने से गांव में सन्नाटा फैला है तो परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक जसवीर सिंह के पिता निहाल सिंह बताते हैं कि उनका बेटा रोजाना नदी से दूर हटकर खाली मैदान में मवेशियों को चराया करता था, लेेकिन बृहस्पतिवार को पता नहीं कैसे नदी किनारे पहुंच गया था। प्यास लगने की वजह से मवेशी नदी में घुस गए थे, जबकि नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। जसवीर समझ नहीं पाया और मवेशियों को निकालने के चक्कर में डूब गया था। शुक्रवार को किसी तरह पुलिस की मदद से शव को निकाला गया था। बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल ने मुआवजा देने की बात कही है।
इसके अलावा इसी गांव के गौढी निवासी जसबीर सिंह बताते हैं कि उनकी बेटी गगनदीप कौर भी बीती 6 जुलाई को घर पर खेल रही थी। खेेलते-खेलते वह नदी किनारे चली गई। किनारे की मिट्टी फिसलने से वह नदी में जा गिरी थी। बृहस्पतिवार को उसका भी शव बरामद हुआ था, लेकिन अभी कोई सहायता नहीं मिली है।
तहसीलदार भीम चंद्र ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने पर युवक और बालिका के परिजन को शासन से मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कोतवाली प्रभारी बालेंद्र गौतम ने बताया कि रिपोर्ट अभी नहीं आई है। दोनों के शव मिलने के बाद शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा गया था।