फरधान। गांव रतनापुर निवासी सत्यपाल सिंह की फोटो लगाकर ‘प्रिया’ नाम की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से उन्हें लापता बताने और अभद्र गाली लिखकर पोस्ट वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
सत्यपाल सिंह ने बताया कि गांव के एक युवक ने ‘प्रिया’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी पर उनकी फोटो लगाकर लिखा कि सत्यपाल सिंह कहीं खो गए हैं, मिलने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा। दूसरी लाइन में अभद्र गाली और तीसरी में मोबाइल नंबर डालकर पोस्ट वायरल कर दी। जानकारी होने पर सत्यपाल ने पुलिस की मदद से आईडी का पता लगवाया।
पुलिस ने फर्जी आईडी बनाने के आरोप में रतनापुर निवासी अनुज उर्फ छोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सीओ विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि युवक का मोबाइल लेकर छानबीन की जा रही है। युवक कई अन्य नामों से फर्जी आईडी चला रहा है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद