लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र की डीसी रोड स्थित कांशीराम कालोनी में एक युवक ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
परिजनों का कहना है कि पतंग उड़ाने के दौरान वह गिर गया। वहीं कालोनी के लोगों का कहना है कि कॉलोनी की एक महिला और उसकी बेटी युवक पर झूठे आरोप लगाकर कार्रवाई की धमकी दे रही थी। इसी बात से क्षुब्ध होकर युवक ने यह कदम उठाया है।
डीसी रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी के निवासियों का कहना था कि सुमित (20) पुत्र बलराम ब्लॉक 12 में अपने माता-पिता व अन्य सदस्यों के साथ रहता है। करीब तीन दिन पहले कांशीराम आवास के एक ब्लॉक में अवैध रूप से रह रही एक महिला और उसकी पुत्री ने सुमित को झूठे आरोप में जेल भिजवाने की धमकी दी थी।
सुमित इसी बात को लेकर परेशान था। जेल जाने के डर से सुमित ने रविवार की सुबह चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। सुमित के नीचे गिरते ही कॉलोनी में अफरा तफरी मच गई। परिजन उसे आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे डॉक्टर ने लखनऊ रेफर किया है।