उचौलिया। गांव डुडौलिया में बुधवार को लापता हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। रविवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ है कि युवक की बांके से वारकर हत्या की गई थी। शरीर पर कई गहरे जख्म पाए गए।
डुडौलिया निवासी अशोक सिंह के पुत्र देवेंद्र सिंह (35) बीते बुधवार शाम से लापता था। वह अपनी ससुराल हरदोई जिला में बघौली थाना क्षेत्र में गांव लोधी में दो साल से रहते था। प्लाईवुड फैक्टरी में काम करते थे। बीते मंगलवार को देवेंद्र अपनी ससुराल से यहां गेहूं की सिंचाई करने आया था।
वह अपने माता-पिता के मकान के पड़ोस में बने दूसरे मकान में अकेले रुकता था। बुधवार शाम के बाद दो दिन तक उनका कोई सुराग न लगने पर परिजनों ने पत्नी रेखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शनिवार को उसका शव पुलिस ने उनके मकान के कमरे से रक्तरंजित अवस्था में बरामद किया था। शव कई दिन पुराना हो जाने के चलते उससे दुर्गंध आने लगी थी। पुलिस ने शव बरामद करने के बाद फाॅरेंसिक टीम को बुलाकर फिंगरप्रिंट आदि सबूत इकट्ठा किये थे।
दीवार फांदकर या छत के रास्ते फरार हुए हत्यारे
अज्ञात हत्यारों ने देवेंद्र की हत्या करने के बाद शव को कमरे में जमीन में डाल दिया और शव पर गद्दा डालकर कमरे में बाहर से ताला डालकर फरार हो गए। हत्या करने के बाद हत्यारे हथियार भी साथ ले गये। देवेंद्र के मकान के आहाते की दीवारें अधिक ऊंची नहीं हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्यारे दीवार फांदकर फरार हो गए होंगे।
देवेंद्र के पास नहीं था मोबाइल
परिजन के मुताबिक देवेंद्र के पास मोबाइल फोन नहीं था, इसके चलते परिजनों का उनसे संपर्क भी नहीं हो पाता था। यहां आने के बाद मंगलवार और बुधवार शाम को उन्होंने मां सुमन से खाना मांगा था। मां सुमन के मुताबिक यहां आने के बाद दो बार ही देवेंद्र को देख सकी थी।
एक से अधिक हो सकते हैं हत्यारे
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बांके से काटकर देवेंद्र की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। हत्या की घटना में शामिल हत्यारे काफी शातिर हैं। प्लानिंग के साथ देवेंद्र की हत्या कर दी और शव उसी के कमरे में छिपाकर फरार हो गए। घटना में एक से अधिक लोग शामिल होने का भी आशंका जताई जा रही है।