लखीमपुर खीरी। ग्राम छाउछ के पास स्थित एक तालाब में मंगलवार सुबह महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों ने तालाब में शव उतराता देखा तो पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। काफी प्रयास के बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी, जिसके बाद शव को मोर्चरी भिजवा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला की उम्र करीब 32 से 35 वर्ष के बीच है। शव पर कोई कपड़ा नहीं था। तालाब के पास एक बोरा मिला है, जिसमें महिला के कपड़े होने की बात कही जा रही है। पुलिस शिनाख्त के साथ ही यह भी जांच कर रही है कि महिला नग्नावस्था में तालाब तक कैसे पहुंची। संवाद