धौरहरा (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के शेखनपुरवा गांव में मायके में आई विवाहिता को गोली मार दी गई। गांव से आधा किलोमीटर दूर वह एक बाग में तड़पती मिली। परिवार वाले उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था करते इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस ने पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव शेखनपुरवा निवासी मुबारक ने बताया कि उन्होंने बेटी शाहीन (22) का निकाह गांव के ही गुड्डू उर्फ अशरफ से किया था। शाहीन 28 फरवरी को मायके आई थी। बृहस्पतिवार की शाम वह खेतों में फसल की रखवाली करने चला गया। घर पर शाहीन और परिवार के अन्य सदस्य थे। आधी रात को शाहीन चारपाई पर नहीं दिखी तो घर की महिलाओं ने जानकारी दी और उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। सूचना पर वह भी घर पहुंचा और गांव के बराती के साथ बाइक से उसकी तलाश करने लगा। इस दौरान गांव के पश्चिम में लियाकत अली की आम की बाग की ओर पहुंचे तो उन्हें कुछ लोग दिखाई पड़े। इसी बीच फायर हुए। फायरिंग की आवाज पर वह लोग बाग की तरफ दौड़े तो देखा कि उसकी पुत्री शाहीन लहूलुहान पड़ी है। पांच लोग भागते हुए दिखाई दिए। मुबारक का कहना है कि बाइक की लाइट में उसने गांव के ही तीन सगे भाइयों सालिक, आरिफ और खालिद के अलावा उसके साथी वाहिद अली और हिकमत अली को भागते हुए देखा। वह जब तक बेटी को अस्पताल ले जाते इससे पहले उसकी मौत हो चुकी थी। शव के पास ही बेटी का मोबाइल पड़ा था। कॉल डिटेल देखी तो उसमें अंतिम कॉल खालिद की थी। उन्होंने बताया कि खालिद ने ही उसकी बेटी को कॉल कर बुलाया और अपने भाइयों व साथियों के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी। खालिद ने साथियों के साथ उसकी हत्या क्यों की? इस बारे में परिवार वाले कुछ नहीं बता पा रहे हैं। इधर हत्या की सूचना पर एसपी पूनम, एएसपी शैलेंद्र लाल, सीओ अभिषेक प्रसाद फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। सीओ अभिषेक प्रताप ने बताया की हत्या क्यों की गई तफ्तीश की जा रही है।
हत्या की वजह क्या है इसकी जांच कराई जा रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।
-पूनम, एसपी खीरीे