पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। बसंतापुर कलां गांव में खेत में बंदर भगाने गए एक अधेड़ पर पास में स्थित भगहर नाले से निकलकर एक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। आसपास खेतों में मौजूद लोगों ने चीख पुकार सुनकर अधेड़ को मगरमच्छ से छुड़ाया। इलाज के लिए पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से अधेड़ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बसंतापुर कलां गांव निवासी नंदलाल का 50 वर्षीय पुत्र सरवन गांव में ही भगहर नाले के पास स्थित अपने खेत में बंदरों को भगाने गया था। बताते हैं कि जब वह बंदरों को भगा रहा था तभी पास में स्थित भगहर में पहले से ही घात लगाए बैठे एक मगरमच्छ ने उसपर हमला कर दिया। काफी देर तक वह मगरमच्छ के चंगुल से छूटने के लिए कोशिश करता रहा। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए और लाठी-डंडों से हमला कर मगरमच्छ को खदेड़ा। मगरमच्छ के हमले से सरवन के हाथ में गंभीर चोट आई है। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया जहां से बाद में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद अन्य किसानों में दहशत है।