सेठघाट चौराहे पर एकत्र उपभोक्ता। स्रोत: उपभोक्ता
- फोटो : 1
लखीमपुर खीरी। सुबह करीब पांच बजे से बिजली आपूर्ति ठप रहने और भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराने पर गढ़ी उपकेंद्र क्षेत्र के लोगों का सब्र जवाब दे गया। बृहस्पतिवार देर रात सैकड़ों उपभोक्ता सड़क पर उतर आए। उन्होंने सेठ घाट चौराहे पर जाम लगाकर विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
गढ़ी उपकेंद्र के हाथीपुर उत्तरी, कोठार, अर्जुनपुरवा, दुर्गापुरवा समेत दर्जनों मोहल्लों में सुबह करीब पांच बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही। दिनभर बिजली नहीं आने से इनवर्टर जवाब दे गए और पानी की मोटरें बंद रहने से लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए जूझना पड़ा।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने कई बार बिजली अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना था कि घरों में पानी तक खत्म हो गया, जबकि हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता रहा।
आक्रोशित लोग देर रात सेठ घाट चौराहे पर एकत्र हो गए और चारों ओर से सड़क जाम कर दी। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पर एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह और सीओ सिटी विवेक तिवारी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने दो घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति सुचारु कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया।