लखीमपुर खीरी। मानसून की बेरुखी से जनपद में उमस भरी गर्मी पड़ रही है, जिससे शहर से लेकर गांवों तक लोग परेशान हैं। पंखे की हवा भी पसीने को सुखा नहीं पा रही है। बारिश न होने से किसान भी परेशान हैं, क्योंकि धान की रोपाई शुरू नहीं कर पा रहे हैं। इससे लोग जल्द बारिश होने की देवराज इंद्र से कामना कर रहे हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को राहत देने वाली फुहारें पड़ने के संकेत दिए हैं, जिसमें सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे के मध्य 30 प्रतिशत तक बारिश होने की संभावना जताई है।
जनपद में करीब दो सप्ताह से बारिश नहीं हुई है, जिससे गर्मी का पारा चढ़ता जा रहा है। उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। बिजली की खपत बढ़ने से कटौती भी बढ़ गई है। ऐसे में आमजन समेत किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है, क्योंकि बारिश न होने से धान की रोपाई पिछड़ सकती है। 65 प्रतिशत छोटे-मझोले किसान बारिश पर ही निर्भर हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि मंगलवार से मानसून सक्रिय होने की संभावना है, जिससे इस दिन कुछ जगहों पर बारिश होगी। इसके बाद बृहस्पतिवार को भी बारिश होने के 40 प्रतिशत चांस हैं। शुक्रवार को बारिश नहीं होगी, जिसके बाद शनिवार से कई दिन तक बारिश होने की संभावना बन रही हैै। संवाद