एसडीएम राजीव निगम को ज्ञापन सौंपते किसान यूनियन के पदाधिकारी। संवाद
निघासन। किसान की जमीन की नीलामी को लेकर सोमवार को किसान संगठनों ने एसडीएम राजीव निगम को ज्ञापन सौंपा। किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से चेतावनी दी कि यदि जमीन की नीलामी की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
किसान नेताओं का आरोप है कि बैरिया गांव के एक किसान की खेती योग्य जमीन पर बैंक और तहसील प्रशासन ने लाल झंडी गाड़ दी है। यह जमीन उसकी जीविका का एकमात्र सहारा है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार जहां बड़े उद्योगपतियों के हजारों करोड़ के कर्ज माफ कर रही है, वहीं छोटे किसानों पर बैंक का शिकंजा कसकर उनकी जमीन छीनी जा रही है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि नीरव मोदी और विजय माल्या जैसे उद्योगपति अरबों का कर्ज लेकर विदेश भाग गए, लेकिन उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विपरीत छोटे किसान बैंक की प्रताड़ना से आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव रणजीत सिंह, किसान यूनियन (टिकैत) के वरिष्ठ नेता राम सिंह ढिल्लों और राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे।