कोच लेने के लिए मैलानी से महू पहुंचे रेलकर्मी
मैलानी। विस्टाडोम कोच के ओवरहाइट होने की समस्या दूर हो गई है। कोच को लाने के लिए मैलानी से रेलवे स्टाफ महू कोचिंग डिपो पहुंच चुका है। उम्मीद है कि ये कोच वहां से आज सोमवार को रवाना कर दिए जाएंगे।
वेस्टर्न रेलवे के महू कोचिंग कांपलेक्स में बनाए गए ये कोच फ्लैट वैगन में काफी दिनों से लोड खड़े हैं। इन्हें पिछले माह ही महू से मैलानी आना था। एनई रेलवे ने लोड वैगन की हाइट अधिक होने से रास्ते में किसी ब्रिज से टकराने की आशंका जताते हुए वेस्टर्न रेलवे को हाइट कम करने के लिए पत्र लिखा था, जिस कारण कोच पिछले माह यहां नहीं आ सके।
महू कोचिंग डिपो के अधिकारी ने बताया कि हाइट कम करने के बाद परमीशन की औपचारिकताएं पूरी कर एनई रेलवे को कोच ले जाने के लिए पत्र लिखा गया है। मैलानी से कैरिज एंड वैगन डिपो के तीन कर्मचारियों ने रविवार को महू पहुंचकर कोच का निरीक्षण किया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कोच को संभवत: सोमवार को मैलानी के लिए रवाना कर दिया जाएगा। बताया कि कोच को धीमी गति से मैलानी ले जाया जाएगा, ताकि वह मैलानी डिपो पहुंच जाएं।
मैलानी से विस्टाडोम कोच लेने के लिए स्टाफ को महू कोचिंग डिपो जाना था। इससे ज्यादा मुझे पता नहीं है। इसकी पूरी जानकारी कोचिंग डिपो अधिकारी लखनऊ के पास रहती है।
- रणविजय प्रताप, सीनियर डीएमई, लखनऊ