मझगईं। इलाके के बेला खुर्द गांव निवासी सर्वेश यादव (50) का शुक्रवार को उसके ही खेत में शीशम के पेड़ से फंदा लगा हुआ शव लटकता मिला। परिजन का कहना है कि एक महीने पहले मृतक के खाते से किसी ने रकम निकाल लिए थे। इससे उसने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, इस संबंध में उसने अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
बेला खुर्द गांव निवासी कालीचरन का 50 वर्षीय पुत्र सर्वेश यादव का बैंक में खाता था, जिसमें उसका गन्ना भुगतान आता है। सर्वेश के भाई उमेश यादव ने बताया कि एक महीने पहले उनके भाई के खाते से तीन सत्रों का करीब सात लाख 72 हजार रुपया किसी ने निकाल लिया था, जिसके बाद से वह परेशान था। भाई की शादी नहीं हुई थी और वह उनके पास ही रहता था। शुक्रवार को दोपहर में वह खाना खाकर घर से निकला जिसके बाद नहीं लौटा। शाम पांच बजे के करीब उसको ग्रामीणों ने सूचना दी कि भाई का शव उसी के खेत में शीशम के पेड़ से लटक रहा है। इसके बाद वह तत्काल वहां पहुंचे। उमेश यादव का कहना है कि भाई के खाते से रकम निकलने के बाद से वह परेशान था। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली है। उधर, घटना की सूचना के बाद पुलिस पहुंच गई थी। आगे की कार्रवाई कर रही थी।