सिकंद्राबाद। कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में दो साल पहले हुए गबन के मामले में कोर्ट के आदेश पर नीमगांव पुलिस ने शाखा प्रबंधक समेत दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के सेहरुआ गांव निवासी रियातुल्ला ने बताया कि 22 नवंबर 2019 को उसने श्रीकृष्ण निवासी सेहरुआ से खरीदी थी। 58 हजार रुपया नकद दे दिया था। बाकी दो लाख 22 हजार रुपया बैक में श्रीकृष्ण के खाते में जमा कराने गया। वहां कैश काउंटर पर बैठे लिपिक ने जमा की रसीद मोहर लगाकर दे दी। लेकिन खाते में पैसा नहीं जमा किया। जब इसकी जानकारी मिली तो पता चला कि खाते में पैसा जमा ही नहीं हुआ है। इसकी सूचना शाखा प्रबंधक और पुलिस को दी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूरन उसने कोर्ट की शरण ली। पुलिस ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर नीमगांव पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शाखा प्रबंधक केके कुरील ने बताया कि आरोपी नीरज बैंक में क्लर्क नहीं था बल्कि रिकवरी एजेंट था, जिसे दो साल पहले ही निकाला जा चुका है।