रमियाबेहड़। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के गांव मोहनापुर के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे एक बालिका सहित दो लोगों की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गांव मटहिया निवासी 40 वर्षीय छोटेलाल पुत्र मनोहर गांव बबियारी स्थिति रिश्तेदारी से बृहस्पतिवार शाम घर लौट रहे थे। बाइक पर आगे 07 साल की बच्ची सोना सहित कुल चार लोग सवार थे, जो सभी छोटेलाल के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। टंकी पर कपड़ों से भरी एक बैग रखा था। गांव मोहनापुर के पास मोड़ पर बाइक की टंकी पर रखा बैग और चालक के आगे बैठी बच्ची के कारण बाइक का हैंडिल नहीं मुड़ा और बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा कर खाई में गिर गई। इससे छोटेलाल और बच्ची सोना की मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक के पीछे बैठी सोना की माता किरण (30) और बीच में बैठा चार वर्षीय भाई नितिन गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस सीएचसी रमियाबेहड़ पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल किरण और नितिन को प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहां नितिन की स्थित गंभीर बताई गई है।
पढ़ुआ थानाध्यक्ष विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि की दो लोगों की मौत हुई है। उनके शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजे गए हैं।