सड़कों पर कीचड़ होने से फिसलन बढ़ी, आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित
दो दिन से लगातार हो रही बरसात से जिले भर में जनजीवन बुरी तरह अस्तव्यस्त हो गया है। रिमझिम बारिश से इस बार जलभराव तो नहीं हुुआ है लेकिन सड़कों पर इतना कीचड़ है कि लोगों का सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। सुबह से बरसात शुरू हो जाने के कारण बच्चों को स्कूल कालेज और कामकाजी लोगों को अपने काम पर जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। काम पर निकले लोगों को बारिश के पानी में भीगना पड़ा।
दो दिन से हो रही बरसात के चलते मौसम खुशनुमा हो गया है। पिछले दिनों हो रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली तो लोगों ने बरसात का खूब लुत्फ उठाया। शनिवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। रिमझिम बारिश होने से सड़कों पर जमा मिट्टी और कूड़ा कीचड़ में तब्दील हो गया।
निर्माणाधीन सड़कों की हालत तो इतनी ज्यादा खराब है कि उन पर वाहनों का निकलना तो दूर पैदल तक निकलना मुश्किल हो रहा है। गढ़ी रोड, मेला मैदान से इमली चौराहा तक की रोड और नौरंगाबाद की रोड पर कीचड़ ही कीचड़ नजर आ रहा है। कुछ यही हाल फल मंडी और सब्जी मंडी का भी है। जहां लोगों को जाने में ही दिक्कतें हो रही हैं।