मितौली। दिवाली के एक दिन पहले देशी शराब की दुकान के सेल्समैन की हत्या के मामले में पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आला कत्ल बांका बरामद कर दोनों का चालान भेज दिया है।
मितौली थाना क्षेत्र के गांव दतेली कलां स्थित देशी शराब की दुकान पर काम करने वाले ओड़हरा गांव निवासी 42 वर्षीय सीताराम की बीते बुधवार की रात करीब नौ बजे धारदार हथियार से सिर पर वार करके हत्या कर दी गई थी। बचाव करने में सीताराम का भतीजा भी गंभीर रूप से घायल हो गया था।
गुरुवार को दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जब सीताराम का शव घर पहुंचा तो परिजन आरोपियों का घर गिराने, 50 लाख की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व एक पट्टा देने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एसडीएम विनीत उपाध्याय और सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने शासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाने व एक पट्टा देने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार हो सका था।
घटना में मृतक सीताराम के छोटे भाई सकटूराम ने गांव के ही दो लोग कमल किशोर अवस्थी और आदेश कुमार यादव के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला व एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी राजू राव की टीम ने सीताराम हत्याकांड के आरोपी कमल किशोर अवस्थी और आदेश कुमार यादव को शिवाला तिराहे के पास से शनिवार को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर आला कत्ल बांका भी बरामद किया गया है।