लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के डीसी रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी के समीप नगर पालिका की जमीन पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात शिकायत पर पहुंची पुलिस ने अवैध निर्माण करने वाले चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
नगर पालिका के सर्वेयर अमित सोनी ने बताया कि होटल कंफर्ट इन के पास नजूल की भूमि स्थित है। उक्त भूमि पर शशांक गुप्ता मना करने के बाद भी निर्माण कार्य करा रहा था। शनिवार रात करीब 8:30 बजे अवैध निर्माण होने की जानकारी मिली तो टीम मौके पर पहुंची। देखने पर निर्माण कार्य किया जा रहा था। इस काम में अरविंद वर्मा, अंकुश कुमार, अवनीश कुमार और शिवम राठौर निर्माण में सहयोग कर रहे थे।
निर्माण करने वाले लोगों को कार्य बंद कराने के लिए कहा गया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य बंद करवा दिया। वहीं, सर्वेयर अमित सोनी की तहरीर पर शशांक गुप्ता निवासी सराफ मंडी, अरविंद वर्मा, अंकुश कुमार और शिवम राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।