नेशनल हाईवे पर कोटरा गांव के पास हुआ हादसा
उचौलिया (लखीमपुर खीरी)। नेशनल हाईवे पर मंगलवार की सुबह करीब दस बजे कोटरा गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रक ग्रामीण को रौंदते हुए पेड़ से टकरा गया। हादसे में एक ग्रामीण और ट्रक क्लीनर की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक घायल हो गया।
गांव कोटरा निवासी 60 वर्षीय श्रीकृष्ण मंगलवार को किसी बैंक के काम से साइकिल से उचौलिया जा रहा था। हाईवे पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जाकर पेड़ से टकरा गया, जिससे ट्रक के परखच्चे उड़ गए। जोरदार टक्कर से ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक सज्जाद अली और क्लीनर अकरम अली निवासी थाना सदर हनुमानगढ़ (राजस्थान) केबन में फंस गए।
एक घंटे तक चली मशक्कत
सूचना पाकर मौके पर पहुंची उचौलिया पुलिस ने क्रेन मंगवाई, जिससे ट्रक के केबन को खींचकर दोनों को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे क्लीनर और चालक को निकाला नहीं जा सका। इसके बाद चालक और क्लीनर को निकालने के लिये गैस कटर से केबन काटा गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका। दोनों को एंबुलेंस से पसगवां सीएचसी भेजा गया। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी क्लीनर 26 वर्षीय अकरम की मौत हो गई, जबकि चालक सज्जाद को मामूली चोट आई हैं।
पालिका सदस्य को बस ने मारी ठोकर
पलियाकलां। शहर के सिनेमा चौराहे पर एक प्राइवेट बस ने पालिका सदस्य को ठोकर मार दी। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से बच गया।
पलिया चीनी मिल के पालिका सदस्य और शारदा वर्कर्स एसोसिएशन के सेक्रेटरी निर्भय नारायन सिंह स्कूटी से घर जा रहे थे। इस दौरान सिनेमा चौराहे पर बेतरतीब ढंग से बस चलाने वाले एक चालक ने बस को मोड़ा, जिससे पालिका सदस्य स्कूटी समेत रोड पर गिर गए और उन्हें चोटें आईं हैं। घटना के बाद रोड पर भीड़ लग गई। गनीमत रही कि पालिका सदस्य बस की दूसरी साइड में गिरे जिससे बड़ा हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। स्कूटी चालक पालिका सदस्य ने हेलमेट लगा रखा था। संवाद
बाइक की टक्कर में दो युवक घायल
गौरीफंटा। दुधवा-गौरीफंटा रोड पर सोमवार की शाम दो बाइक में हुई टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सोमवार की देर शाम को बनगवां मंडी के दुकानदार डिंपल गुप्ता और उसका भाई सनी गुप्ता दुकान बंद कर बाइक से पलिया घर जा रहे थे कि पलिया से आ रहे बंदरभरारी गांव निवासी शिवलाल राना की बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें डिंपल गुप्ता व शिवलाल राना को गंभीर चोट आईं, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों चालकों ने हेलमेट पहना हुआ था। संवाद