टूटने लगा मालगोदाम प्लेटफार्म
मेगा ब्लाक को लेकर अभी पांच दिन शेष हैं, लेकिन कार्यदायी संस्था ने स्टेशन परिसर में अमान परिवर्तन का काम शुरू कर दिया है। इस क्रम में मालगोदाम प्लेटफार्म तोड़ा जाने लगा है और इसके बाद मालगोदाम तोड़े जाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसी के साथ मालगोदाम प्लेटफार्म की पटरियां भी उखाड़ी जाने लगी हैं। वहीं ट्रैक नंबर तीन के लिए ब्राड़गेज की लाइन बिछाने का भी तेजी से काम शुरू हो गया है।
अमान परिवर्तन का काम रेल विकास निगम लिमिटेड की देखरेख में कालिंदी एवं कपूर संस्था कर रही है। सीतापुर से मैलानी के बीच 106.92 किलोमीटर लंबे रूट की मीटर गेज लाइन को ब्राडगेज में बदलने के लिए 15 अक्तूबर को मेगा ब्लाक होना है। हालांकि अभी रूट ब्लाक होने में पांच दिन शेष हैं, लेकिन कार्यदायी संस्था ने काम शुरू कर दिया गया है। इसी के साथ प्लेटफार्म नंबर दो पर लाइन नंबर तीन को बिछाने का काम भी जोरों पर है। रविवार को लाइन नंबर तीन और चार के साथ-साथ एक नंबर प्लेटफार्म से दो पर जाने के लिए बनने वाले फुट ओवरब्रिज के निर्माण का सर्वे किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी आलोक श्रीवास्तव का कहना है कि 15 अक्तूबर से मेगा ब्लाक होना है, अमान परिवर्तन का काम समय से पूरा हो सके, इसके निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए गए हैं। वैसे मीटर गेज को ब्राडगेज में बदले जाने का कार्य तेजी से हो रहा है।
550 मीटर लंबा होगा लखीमुपर प्लेटफार्म
अमान परिवर्तन का काम करवा रही कार्यदायी संस्था के लोगों का कहना है कि लखीमपुर प्लेटफार्म की लंबाई 550 मीटर होगी। प्लेटफार्म मालगोदाम से लेकर ओवरब्रिज क्रॉसिंग तक बनाया जाएगा, क्योंकि बड़ी लाइन की ट्रेनों की लंबाई भी अधिक होती है। वहीं प्लेटफार्म नंबर दो भी 10 मीटर चौड़ा अैर करीब पांच सौ मीटर लंबा होगा।
5.3 मीटर होगी लाइनों के बीच की दूूरी
लाइन नंबर तीन और चार के बीच की दूरी दस मीटर रहेगी। हालांकि अभी तीन और चार नंबर की लाइन के लिए स्लीपर बिछाए गए है, लेनिक इनके बीच 5.3 मीटर की दूरी रखने के लिए रेलवे आवास की बाउंड्री को तोड़कर अंदर की तरफ बढ़ाया जाएगा, जिससे लोगों के निकलने के लिए रोड भी पर्याप्त रह सके।