बांकेगंज में रेल विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण करते अफसर।
- फोटो : LAKHIMPUR
बांकेगंज। रेल विकास निगम नई दिल्ली के प्रमुख परियोजना निदेशक दिनेश चंद्र पांडेय ने बृहस्पतिवार को लखीमपुर-मैलानी के बीच चल रहे रेल विद्युतीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सब सेक्शनिंग पोस्ट फरधान, गोला और बांकेगंज रेलवे स्टेशनों पर कराए गए कार्यों को देखा।
विभागीय अमले के साथ टॉवर वैगन कार से बांकेगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे रेल विकास निगम के प्रमुख परियोजना निदेशक दिनेश चंद्र पांडेय ने 25 हजार वोल्ट करंट प्रवाहित कर बिजली पोलों को बारीकी से देखा। साथ ही रेल ट्रैक से विद्युत पोल की दूरी का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक कक्ष में कराए गए कार्यों का मुआयना करने के बाद रेल विद्युतीकरण कार्य में मिली खामियों में सुधार की बात कही। इसके बाद वह मैलानी के लिए रवाना हो गए।
लखनऊ-पीलीभीत रेल विद्युतीकरण कार्य के सेक्शन प्रभारी जगन्नाथ मिश्र ने बताया कि विभागीय अधिकारियों के मुआयने के दौरान लखीमपुर-मैलानी के मध्य चल रहे रेल विद्युतीकरण कार्य का रेल संरक्षा आयुक्त के प्रस्तावित निरीक्षण के मद्देनजर कराए गए कार्य में पाई गई खामियों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर मुख्य परियोजना अधिकारी लखनऊ निश्चल श्रीवास्तव, उपमहाप्रबंधक सिग्नल डीएन तिवारी, हीरालाल मिश्रा, आरडी यादव, सुभाष त्रिपाठी, डीके तिवारी, विष्णु सिंह मौजूद रहे।