दुधवा में सैलानी द्वारा खींची गई तस्वीर।
बाद में जताई खुशी, कैमरे में तस्वीर खींचकर साझा किया अपना रोमांच
पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क में शनिवार को भी सुबह की शिफ्ट में जंगल भ्रमण करने गए लखनऊ के सैलानी को बाघ दिखा। जिसे देखकर दहशत और खुशी के अलग-अलग माहौल में उन्होंने अपना रोमांच साझा किया।
दुधवा नेशनल पार्क में इस पर्यटन सत्र के शुरूआती दिनों से ही बाघ दिखा रहा है, इस कारण सैलानियों की आमद हर साल की अपेक्षा इस साल ज्यादा है। शनिवार को लखनऊ से आए सैलानी शांतनु पांडेय दुधवा के गाइड केवल सिंह राणा के साथ दुधवा भ्रमण पर सुबह की शिफ्ट में रवाना हुए। शांतनु ने बताया कि वह जैसे ही दुधवा गेट से अंदर पहुंचे रोड नंबर एक के आगे झाड़ियों से निकलकर अचानक एक बाघ रोड पर आकर खड़ा हो गया। बताया कि पहले तो वह अचानक निकले बाघ को देखकर सहम गए, लेकिन गाइड व जिप्सी चालक ने चुप रहने का इशारा करते हुए उनको शांत किया। बाघ करीब एक मिनट तक रोड पर जिप्सी से सौ मीटर की दूरी पर खड़ा रहा, उसके बाद वह जंगल में चला गया। हालांकि इस दौरान उन्होंने अपने कैमरे में बाघ की तस्वीर उतार ली थी। वापस आते समय उन्होंने पर्यटन परिसर में बाघ देखे जाने पर खुशी का इजहार करते हुए जंगल सफर के रोमांच के बारे में जानकारी दी। बता दें कि दुधवा पार्क के पर्यटन सत्र शुरू होने के बाद से ही बाघ दुधवा इलाके में दिखाई दे रहा है। हालांकि पिछले पर्यटन सत्रों की बात करें तो किशनपुर में बाघ की साइटिंग ज्यादा हुई थी।