लखीमपुर खीरी। चंदन चौकी के सुनौरा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए शुक्रवार को प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी।
परीक्षा में 405 छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। यह प्रवेश परीक्षा नवोदय की तर्ज पर कराई जा रही है। परीक्षा में पास होने वाले बच्चों को एकलव्य विद्यालय आवासीय में पढ़ाई करने का मौका मिलेगा।
एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की प्रधानाचार्य संध्या शुक्ला ने बताया कि परीक्षा तीन घंटे की होगी, जो पूर्वाह्नन 11 से दोपहर दो बजे तक तक होगी। परीक्षा के लिए संबंधित अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर सुबह साढ़े नौ बजे तक पहुंचना होगा। परीक्षा में 205 छात्रा और 200 छात्रों का पंजीकरण है, जो आज परीक्षा देंगे।
उन्होंने बताया कि स्कूल की 60 सीटों के लिए परीक्षा कराई जा रही है, जिसमें कक्षा छह के अभ्यर्थी ही प्रतिभाग करेंगे। जनजाति विभाग परियोजना अधिकारी यूके सिंह ने बताया कि इस परीक्षा में सिर्फ जनजाति के अभ्यर्थी ही शामिल हो सकते हैं। परीक्षा से संबंधित पूरी तैयारी कर ली गई है।