लखीमपुर खीरी। तिकुनिया कांड में सोमवार को अदालत में आरोपपत्र दाखिल करने के बाद भी विवेचना जारी है। 89 दिन की विवेचना के बाद जांच टीम ने चार्जशीट तो दाखिल कर दी है। लेकिन, अभी उन दो अज्ञात अभियुक्तों की तलाश है, जो घटना वाले दिन स्कॉर्पियो में सवार थे। ये दोनों आरोपी भी साजिश में शामिल थे।
तिकुनिया हिंसा में प्रमुख अभियुक्तों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने के बाद अब जांच टीम की निगाहें घटना में शामिल अन्य दो अन्य हत्या आरोपियों को तलाश करने में जुटी हुई है। मामले की जांच कर रहे मुख्य विवेचक विद्याराम दिवाकर ने अदालत को बताया कि अभी विवेचना मुकम्मल नहीं हुई है। अभी उन हत्यारों की तलाश जारी है, जो घटना की साजिश में शामिल होते हुए स्कॉर्पियो के गाड़ी पर सवार थे। हालांकि जांच टीम की ओर से इस बारे में कोई खुलासा नहीं किया गया है कि स्कॉर्पियो सवार दो हत्याभियुक्त जो अभी तक पकड़ से बाहर हैं, वे कौन लोग हैं। अभी जांच टीम के पास अभियुक्तों का कोई फोटो है या नहीं अथवा उन्हें पकड़ने के लिए क्या किया जा रहा है, इस बारे में जांच टीम के पास कोई जवाब नहीं है। दो अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम की ओर से कोई पोस्टर प्रकाशित कराया गया है या नहीं, इस पर भी जांच टीम की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।