बांकेगंज। संसारपुर-बांकेगंज मार्ग से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों को ईंट भट्ठे के पास एक बाघ सड़क किनारे घूमता दिखाई दिया। सड़क किनारे बाघ को घूमते देख राहगीरों के होश उड़ गए।
सोमवार शाम दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन मैलानी रेंज जंगल से निकला एक बाघ काफी देर तक बांकेगंज-संसारपुर सड़क किनारे घूमता रहा। इस कारण सड़क के दोनों और वाहनों के पहिए थम गए। काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। कुछ देर सड़क किनारे घूमने के बाद बाघ फिर ईंट भट्ठा के पीछे गन्ने के खेत में छिप गया। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। उधर, रेंजर मैलानी अनिल कुमार ने बताया कि बांकेगंज-संसारपुर मार्ग पर बाघ दिखाई पड़ने की सूचना मिली है। निगरानी कराई जा रही है। राहगीरों और ग्रामीणों को सतर्कता बरतनी चाहिए। संवाद