बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी और गोला पश्चिम रेंज सीमा से सटे जंगल से निकला एक बाघ कुकरा-बांकेगंज मार्ग पर लोहिया पुल तक पहुंच गया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों के पहिये थम गए। काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। बाघ को सामने देख बाइक सवार लोगों के होश उड़ गए।
मंगलवार की देर शाम करीब आठ बजे मैलानी और गोला पश्चिम रेंज के कलिंजरपुर जंगल के किनारे बरौंछा नाले से निकला एक बाघ काफी देर तक सड़क के किनारे घूमता रहा। चंद कदमों की दूरी पर खड़े बाघ को देख सड़क के दोनों और वाहन रुक गए। राहगीरों के शोर मचाने पर बाघ धीमी चाल से चलता हुआ बरौंछा नाला की झाड़ियों में छिप गया। तब राहगीरों ने राहत की सांस ली और आवागमन शुरू हो सका।
राहगीरों का कहना है कि सड़क किनारे जंगल से निकलकर बाघ अक्सर सड़क पर आ जाता है। रेंजर गोला संजीव तिवारी ने बताया कि बांकेगंज-कुकरा मार्ग पर बाघ दिखाई पड़ने की सूचना मिली है। निगरानी कराई जा रही है। राहगीरों और ग्रामीणों को सतर्कता बरतनी चाहिए।