तिकुनिया। मझरा-खैरटिया रोड पर मंगलवार को एक चौपहिया वाहन पर बाघ ने झपट्टा मार दिया। यही नहीं बाघ कुछ मीटर तक गाड़ी के साथ साथ दौड़ता भी रहा। इस बीच वाहन में बैठे लोग दहशत में आ गए। मांझा निवासी योगेंद्र सिंह ने बताया कि वह सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे मझरा निवासी कुलवंत सिंह और तिकुनिया निवासी रणजीत सिंह के परिवार को नानकमत्ता से वापस लेकर आ रहा था।
मझरा में कुछ लोगों को उतारने के बाद उनकी गाड़ी जैसे ही रोड पर लगे पीपल के पेड़ और बाबा कुटी के बीच पहुंची, तभी एक बाघ ने उनकी गाड़ी पर हमला बोल दिया। गाड़ी में सवार लोग दहशत में हो गए। बाघ कुछ देर तक गाड़ी के साथ भागता रहा, फिर चला गया। बताते चलें कि मझरा खैरटिया मार्ग बाघ हमलों के लिए संवेदनशील है। रात में जंगली हाथी और बाघ निकलते रहते हैं।
इस बाबत रेंजर विमलेश कुमार ने बताया कि इस मार्ग पर सूर्यास्त के बाद आवागमन न करने को लेकर लोगों को सचेत किया जा चुका है। रात में वन विभाग की टीम गश्त करती है। और कई लोगों के रात में गुजरने पर सख्त हिदायत भी दी गई है।