गोला में डीएम, एसपी ने सुनीं शिकायतें, अन्य तहसीलों में नहीं जुटे फरियादी
कुंभी के ग्राम कोटनाथ से आईं महिलाओं ने की जाति प्रमाण पत्र बनवाने की मांग
गोला गोकर्णनाथ। गोला तहसील में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह और एसपी संजीव सुमन की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ, जबकि अन्य तहसीलों में संबंधित एसडीएम ने शिकायतें सुनीं। गोला के संपूर्ण समाधान में विभिन्न विभागों की 77 शिकायतें आईं जिनमें तीन का ही मौके पर निस्तारण हो सका। इनमें राजस्व एवं आपदा की 45 शिकायतें हैं जिनमें तीन का निस्तारण हुआ।
पुलिस की 18, खाद्य एवं रसद विभाग की चार, स्वास्थ्य और चकबंदी की तीन-तीन ग्राम विकास, वन, बैंक, जिला शहरी विकास अभिकरण की एक-एक सहित 77 शिकायर्तें आइं। डीएम ने मामलों के निस्तारण के संबंध में एसडीएम अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, तहसीलदार विनोद कुमार गुप्ता से जानकारी की और कई लेखपालों की फटकार लगाते हुए उन्हें कड़ी कार्रवाई के प्रति आगाह किया। ब्लाक कुंभी के ग्राम कोटनाथ से आईं महिलाओं ने तहसील में जाति प्रमाण पत्र बनवाने की मांग की अन्यथा धर्मांतरण की चेतावनी दी।
मोहम्मदी। मोहम्मदी संपूर्ण समाधान दिवस में 16 शिकायतें दर्ज की गई जिसमें राजस्व की दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। एसडीएम पंकज कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में राजस्व की दस पुलिस की तीन पीडब्ल्यूडी, जल निगम और नगरपालिका की एक एक शिकायत दर्ज की गई। इस मौके पर तहसील के सभी अधिकारी मौजूद रहे।
धौरहरा। विधानसभा चुनाव के बाद पहले दिन शनिवार को हुए तहसील दिवस में फरियादियों का टोटा दिखा। विधानसभा चुनाव के बाद तहसील दिवस का आयोजन तहसील सभागार में एसडीएम धीरेंद्र सिह की अध्यक्षता में हुआ। इसमें राजस्व की 07 पुलिस की 09 विकास की 02 नगर विकास की 02 और पूर्ति की 01 शिकायत दर्ज हुई। हालांकि पहले तहसील दिवस में फरियादियों की कमी दिखाई दी। सुबह से तहसील स्तरीय अधिकारी शिकायतकर्ताओं की राह देखते रहे। इस मौके पर तहसीलदार संतोष कुमार शुक्ला, नायब तहसीलदार शंशाक शेखर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी टीएन दुबे, कोतवाल धर्मप्रकाश शुक्ला सहित तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
मितौली। चुनाव के बाद शनिवार को पहले संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मितौली ब्लॉक सभागार में हुए संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम विधेश ने की। इस मौके पर कुल चार शिकायतें आईं। इसमें राजस्व की सबसे ज्यादा तीन और विकास विभाग की मात्र एक शिकायत आई। मौके पर राजस्व विभाग की एक शिकायत का निस्तारण किया जा सका। इस मौके पर तहसीलदार अवधेश कुमार, सीओ अभय प्रताप मल्ल, बीडीओ चंदन देव पांडेय आदि ने शिकायतें सुनीं।
दो माह बाद हुए संपूर्ण समाधान दिवस से गायब रहे फरियादी
पलियाकलां। शनिवार को तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन एसडीएम डॉ अमरेश कुमार की अध्यक्षता में हुआ। यहां राजस्व विभाग की आठ व पुलिस विभाग की चार शिकायतों समेत कुल 12 शिकायतें आईं। जानकारी न होने से फरियादियों की संख्या न के बराबर रही।12 शिकायतों में किसी का निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान यहां तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार प्रज्ञा अग्निहोत्री, नगर पालिका ईओ महेंद्र कुमार चौधरी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद