लखीमपुर खीरी। दो महीने पहले सड़क हादसे में छात्र की मौत होने पर पथराव और बस फूंके जाने के मामले में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में सभासद समेत अब तक 13 लोग जेल भेजे जा चुके हैं।
गढ़ी रोड बृजभवन के निकट 27 नवंबर 2019 को बरातियों को लेकर लखनऊ जा रही बस से कुचलकर स्कूटी चला रहे छात्र धीरू उर्फ तत्व सक्सेना (16) निवासी मोहल्ला शांतीनगर की मौत हो गई थी। हादसे से गुस्साई भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने जमकर बवाल किया था और पथराव कर बस में आग लगा दी थी। अग्निशमन की गाड़ियों को भी मौके पर नहीं जाने दिया था। सदर कोतवाली पुलिस ने निरीक्षक (अपराध) चंद्रभान यादव की ओर से 50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना एसएसआई शिव प्रकाश पांडेय को सौंपी गई थी। विवेचक ने घटना स्थल पर बनाए गए वीडियो और वायरल वीडियो से उपद्रवियों की पहचान कर फोटोग्राफ बनाए। अब एक-एक कर पुलिस उनकी गिरफ्तारी कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार की तड़के एसएसआई शिव प्रकाश पांडेय ने पुलिस टीम के साथ आरोपियों के घरों पर छापा मारकर मोहल्ला गोकुलपुरी निवासी आरिफ, सुमित कश्यप और शांतीनगर निवासी अमन गौड़ को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है। पुलिस इस मामले में अब तक मोहल्ला गोकुलपुरी निवासी सभासद बृजेश पाल समेत 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।