ग्रंट नंबर 12 गांव में नदी के आगोश में समाता शिव मंदिर।संवाद
निघासन। बरसात के कहर से उफनाई शारदा नदी में रविवार को तहसील क्षेत्र के ग्रंट नंबर-12 में तीन घर व एक मंदिर और समा गए।
गांव वालों का कहना है कि सिर्फ एक महीने में 26 घर और दो प्राचीन शिव मंदिर नदी की धारा में विलीन हो चुके हैं। खेत-खलिहान पहले ही उजड़ चुके हैं। अब खतरा सीधे बस्तियों पर मंडरा रहा है। हालात ये हैं कि लोग रातभर जागकर अपने घर-आंगन को बचाने की जुगत में लगे रहते हैं। रविवार को शियापती, छोटकन्नी और किरन के घर और एक शिव मंदिर पलभर में नदी की लहरों में समा गया।
प्रशासन और विभागीय टीमें हालात पर नजर रखे हुए हैं। सिंचाई विभाग ने कटान रोकने की कवायद शुरू कर दी है। एसडीएम राजीव निगम ने बताया कि प्रभावित परिवारों को दैवीय आपदा मद से 1.20 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है।