थाना खमरिया के पड़ोसी गांव महरिया निवासी तीन दोस्त बृहस्पतिवार सुबह टहलने गए थे। बसढ़िया चौराहा के पास तेज रफ्तार वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी, जिससे एक किशोर की मौत हो गई। दो घायल हो गए।
लखीमपुर खीरी के खमरिया थाना क्षेत्र में पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह बसढ़िया चौराहा के पास तेज रफ्तार पिकअप ने तीन दोस्तों को रौंद दिया। इससे एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। तीनों दोस्त एक ही गांव के निवासी थे। सुबह-सुबह हाईवे पर टहल रहे थे।
विज्ञापन
थाना खमरिया क्षेत्र के महरिया गांव निवासी शत्रोहन लाल का 14 वर्षीय पुत्र मोहित भार्गव गांव के दो अन्य साथियों रामजीवन के 14 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार और अंगन के 12 वर्षीय पुत्र शोभित भार्गव के साथ बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे पीलीभीत- बस्ती हाईवे पर टहलने निकले थे। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त टहलने के बाद सड़क किनारे बैठकर सुस्ताने लगे।
इसी दौरान सिसैया से लखीमपुर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने तीनों को टक्कर मार दी। हाईवे किनारे टहल रहे अन्य लोगों ने हादसा देखकर तीनों बच्चों को खमरिया सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मोहित भार्गव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों नीरज और शोभितको प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे में मृत मोहित भार्गव उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। जबकि घायल नीरज कक्षा आठ और शोभित कक्षा छह का छात्र है। पिकअप चालक पिकअप छोड़ कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। उधर, थाना खमरिया पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। घायल बच्चों को सीएचसी से जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की।