लखीमपुर खीरी। जिले के राजकीय आईटीआई में पहले तीन चरणों में प्रवेश ले चुके अभ्यर्थियों को प्रवेश निरस्त कराने के लिए तीन दिन का मौका दिया गया है। अभ्यर्थी 27 से 29 सितंबर तक ऑनलाइन नाम कटवा सकेंगे। नाम कटवाने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन करनी होगी।
नोडल आईटीआई प्रधानाचार्य पीके शाक्यवार ने बताया कि जो प्रशिक्षार्थी अब अपना प्रवेश जारी नहीं रखना चाहते हैं, वे स्वेच्छा से नाम कटवा सकेंगे। इसके लिए एससीवीटी उत्तर प्रदेश के पोर्टल पर ‘राजकीय संस्थानों में प्रवेश पृथक (नाम काटने)’ लिंक उपलब्ध है। अभ्यर्थी लॉग-इन कर नाम कटवाने का कारण दर्ज करते हुए ऑनलाइन सहमति दे सकेंगे। नाम कटने के बाद रिक्त होने वाली सीटों को अगले चरण की प्रवेश प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चौथे चरण में उन अभ्यर्थियों को उच्चीकरण का अवसर मिलेगा, जिन्होंने किसी चरण में फ्लोट विकल्प चुना था, लेकिन अब तक उनका उच्चीकरण नहीं हुआ है। ऐसे अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट और भरे गए विकल्पों के क्रम के आधार पर उच्चीकरण का मौका दिया जाएगा।