टूटी खिड़की व बेड पर बिखरा पड़ा सामान। संवाद
ओयल। चौकी क्षेत्र के गांव जुलाहन पुरवा में खिड़की तोड़कर कमरे में दाखिल हुए चोरों ने सोने-चांदी के आभूषणों चोरी कर लिए। जिला अस्पताल चौकी क्षेत्र के गांव जुलाहन पुरवा निवासी रजिया पत्नी स्व. अब्दुल वाहिद का परिवार रविवार रात खाना खाकर बरामदे व छत पर सोया हुआ था। इस बीच चोर मकान के पश्चिम दिशा में लगी खिड़की को तोड़कर कमरे में दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंदकर अलमारी व बेड का लॉक तोड़ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
सुबह घरवालों ने सामान बिखरा पड़ा देख शोर मचाया तो छतों पर सो रहे लोग भी आ गए। आसपास देखा तो घर से कुछ दूरी पर एक सूटकेस मिला। पीड़ित ने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता रजिया ने बताया कि उसका दामाद बाहर कार्य करता है। पुत्री गुलनाज यहीं रह रही है। उसके जेवर अलमारी में रखे थे, जो चोरी हो गए। सूचना पर पहुंचे जिला अस्पताल चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह ने मौका मुआयना कर लिया है।