लखीमपुर खीरी। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने बृहस्पतिवार को जिले में दो चुनावी सभाएं कर भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। सिंगाही में हुई जनसभा में दिनेश शर्मा ने कहा कि तिकुनिया हिंसा का चुनाव पर कोई असर नहीं है तो गोला की सभा में वह विपक्ष पर हमलावर हुए। गोला के मूड़ा सवारान बाजार में आयोजित सभा में कहा कि प्रदेश में अब माफिया लुटेरे और डकैतों का गिरोह नहीं बल्कि शांतिप्रिय नागरिक रहेंगे। राशन और योजनाओं में जाति धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया गया। कहा कि प्रदेश में सत्ता आने पर हर घर के नौजवान को रोजगार देंगे।
तिकुनिया हिंसा का कोई असर नहीं, जनता भाजपा को दे रही समर्थन
निघासन। सिंगाही के मेला मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि तिकुनिया में हुई हिंसा का चुनाव पर कोई असर नहीं है। जनता से मिलने वाला समर्थन इस बात का संकेत दे रहा है।
दोपहर करीब दो बजकर 10 मिनट पर पहुंचे डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी शशांक वर्मा के समर्थन में वोट करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने भाजपा की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि भाजपा ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर काम किया है। गैस, आवास, शौचालय, राशन आदि देकर गरीबों की मदद करने में भाजपा सबसे आगे रही है। उन्होंने कहा कि पांच साल में प्रदेश दंगा मुक्त रहा है। मोदी और योगी की आंधी पूरे प्रदेश में चल रही है। भाजपा के बढ़ते जनाधार से सपा मुखिया पुलिस के अलावा अन्य लोगों को गलत शब्दों से नवाज रहे हैं। इस दौरान प्रत्याशी शशांक वर्मा, जिला महामंत्री विनोद लोधी, राजराजेश्वर सिंह, अजय गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
विपक्ष की निकल रही है हवा : दिनेश शर्मा
गोला गोकर्णनाथ। विधानसभा क्षेत्र गोला के के मूड़ा सवारान बाजार में हुई भाजपा की आशीर्वाद सभा में डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने 45 मिनट के संबोधन में विपक्ष पर हमला बोला। कहा कि इस समय तीन हवाएं चल रही हैं, एक हवा आसमान से और दूसरी धरती पर जो भाजपा के पक्ष में है। जबकि तीसरी हवा वह है, जो विपक्ष की निकल रही है।
जब प्रदेश कोरोना से जूझ रहा था तब विपक्ष के नेता एसी में पत्नी बच्चों के साथ अपनी सुरक्षा कर रहे थे। उस समय योगी बाबा के पिता की मृत्यु हुई तो वह देखने तक नहीं जा सके और जनता की सेवा में लगे रहे। चुनाव आते ही विपक्ष के नेता अपने घरों से निकल आए कोट के ऊपर जनेऊ पहन कर अपना गोत्र भी बताने लगे हैं। मंदिर में घंटे बजाने जाने लगे हैं। बीजेपी की सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ। माफिया की जमीनों पर योगी बाबा बुलडोजर चला रहे हैं। प्रदेश में अब माफिया लुटेरे और डकैतों का गिरोह नहीं बल्कि शांतिप्रिय नागरिक रहेंगे। राशन और योजनाओं में जाति धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया गया। ननकाना साहिब में गुरु नानक कॉरिडोर मदरसों में शिक्षा का परिवर्तन हुआ। जहां बच्चे एक हाथ में कुरान तो दूसरे हाथ में कंप्यूटर लेकर अपना भविष्य संवार रहे हैं। भाजपा सरकार ने हाथों में तमंचा नहीं बल्कि कलम चलाने का काम किया है, लेकिन पाकिस्तान की जीत पर मिठाई बांटना सही नहीं है। 10 मार्च के बाद जब सरकार आएगी तो प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज देने और प्रत्येक परिवार के नौजवान को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देने का लक्ष्य है।
इस मौके पर अपना दल जिला अध्यक्ष राजीव पटेल, शंकर लाल लोधी, मंजू लता श्रीवास्तव, डॉ प्रीति वर्मा, ब्लाक प्रमुख विमल वर्मा, नेहा राज, पुष्पा सिंह, हिंदू युवा वाहिनी जिला प्रभारी विपिन मिश्रा, ओंकार सिंह, अनुभव दास, ठाकुर प्रसाद गंगवार, अवधेश मिश्र, विनय सिंह, शत्रुघ्न मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह, धर्मेंद्र गिरी, अजय गिरी, विनोद वर्मा सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान, पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।