मैलानी। पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन/वाणिज्य प्रबंधक गोरखपुर अनूप कुमार सतपथी ने कहा कि गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस का विस्तार मैलानी से आगे तक किए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इस मौके पर व्यापार मंडल ने ज्ञापन देकर लंबी दूरी की ट्रेनें चलाने सहित अन्य मांग की है।
वह तीन दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस में जुड़े विशेष निरीक्षण यान से सुबह सवा 11 बजे मैलानी पहुंचे। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल की ओर से की गई मांगों को पूरा करने पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा। जिसकी प्रगति के बारे में एक-दो हफ्ते में पता भी चल जाएगा।
दैनिक यात्रियों, छात्रों के लिए सुबह मैलानी से ट्रेन चलाने की बाबत उन्होंने कहा कि इस पर गौर किया जाएगा। बताया कि मीटरगेज का दायरा सीमित था, इससे ट्रेनें ज्यादा थीं। आमान परिवर्तन के बाद लखनऊ-सीतापुर-मैलानी मार्ग पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने में समय लग रहा है। जल्द ही और ट्रेनें चलाई जाएंगी।
इससे पहले नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी, उनके पति भवानी शंकर माहेश्वरी, गुरमीत कौर ने उनका स्वागत किया। सेंट मॉर्टिन कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रीति सैमसन ने उन्हें बुके भेंट किया और स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत पेश कर उनका सम्मान किया। बच्चों के साथ उन्होंने फोटो भी खिंचवाए।
ये हैं व्यापार मंडल की मांगें
व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा राजा भइया, महामंत्री प्रदीप शर्मा ने उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर ज्ञापन दिया। ज्ञापन में लखनऊ से सीतापुर मैलानी होते हुए बरेली तक सीधे ट्रेन चलाने, राजस्थान के खाटू श्याम और बालाजी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओंं के लिए लखनऊ से जोधपुर वाया मैलानी, उत्तराखंड के पूर्णागिरि धाम, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मुंबई, बेंगलूरु, कानपुर, वाराणसी, अयोध्या आदि के लिए ट्रेनें चलाने, सर्कुलेटिंग एरिया में शौचालय, वाटर कूलर, प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर वाटर कूलर की संख्या बढ़ाने आदि की मांग की।