अलट्रासाउंड कक्ष के बाहर जांच का इंतजार करतीं महिलाएं। संवाद
लखीमपुर खीरी। जिला महिला अस्पताल में सोमवार को अल्ट्रासाउंड सेवा आधे दिन ही संचालित हो सकी, जिससे जांच कराने पहुंचीं कई गर्भवती महिलाओं को बिना जांच कराए लौटना पड़ा। दूर-दराज से आई महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जिला महिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लटका मिला। कोई सूचना या नोटिस न होने के कारण कई गर्भवती महिलाएं जांच की उम्मीद में कक्ष के बाहर इंतजार करती रहीं।
अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचीं कौशर जहां, शाइबा और दीपाली शुक्ला ने बताया कि ओपीडी में चिकित्सक ने जांच लिखी थी, लेकिन कक्ष बंद मिला। स्टाफ से पूछने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर हैं। उनकी जगह जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट की ड्यूटी लगाई गई है। दो अस्पतालों में जांच करने के कारण उन्हें दोनों जगह समय देना पड़ रहा है।