धनगढ़ी (नेपाल)। बर्दिया जिला के शिवपुर फांटा सामुदायिक वन में भैंस चराने गए एक नेपाली व्यक्ति पर बाघ ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। रविवार को नेपाली बुजुर्ग का अधखाया शव बरामद हुआ है।
बर्दिया जिला के ठाकुर बाबा पुलिस चौकी निरीक्षक एसआई ईश्वर कार्की ने बताया कि शनिवार की शाम को चौकी क्षेत्र के वार्ड छह मोतीपुर निवासी गोरे थापा (70) शिवपुर फांटा सामुदायिक वन में भैंस चराने गए थे। वहां बाघ ने उन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजन ने बर्दिया राष्ट्रीय पार्क के जमदार जय बहादुर चंद के नेतृत्व में आठ वनकर्मी और तीन हाथी गश्ती टोली के साथ जंगल में छानबीन की। रविवार को उनका अधखाया शव वार्ड नंबर छह में औराही पुल से करीब पांच सौ मीटर जंगल में पड़ा मिला। सूचना पुलिस को भी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक, शरीर और सिर अलग मिला है। दाहिना हाथ भी शरीर से अलग था। क्षत-विक्षत शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। यहां बता दें कि बीते एक साल में सामुदायिक वन में बाघ सात लोगों को मार चुका है।