लखीमपुर खीरी। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार को समृद्धि कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया।
समृद्धि कार्यक्रम शिक्षकों और शिक्षिकाओं को अपने विषय में नवाचार के तरीकों को प्रस्तुत करने और प्रतिभा प्रदर्शन का एक सशक्त मंच प्रदान करता है। कार्यक्रम में जिले के 35 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता परिणाम में प्रथम स्थान पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लखीमपुर की शिक्षिका कल्पना अवस्थी और अर्चिता पांडे की टीम रही। द्वितीय स्थान राजकीय इंटर कॉलेज के सैयद मोहम्मद एजाज को मिला, जबकि तृतीय स्थान राजकीय हाई स्कूल ज्ञान सिंहपुर के आशीष कुमार ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा व प्रधानाचार्य डॉ. शालिनी दुबे ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन शैलजा मिश्रा और रितु वर्मा ने किया। निर्णायक मंडल में पूनम शर्मा और अजय लक्ष्मी मिश्रा शामिल रहीं।