लालपुर स्टेडियम में पुरस्कार के साथ मौजूद विजेता टीम के खिलाड़ी। स्रोत: खेल विभाग
लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय खेल दिवस पर लालपुर स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय खेलकूद कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। हर गली, हर मैदान खेले सारा हिंदुस्तान थीम के तहत जूनियर बालक वर्ग की प्रतियोगिता हुई। इसमें 10 टीमों ने प्रतिभाग किया।
कड़े मुकाबलों के बाद फाइनल मैच में स्टेडियम की टीम विजेता रही जबकि सीबी सिंह गौड़ मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी कॉलेज की टीम उपविजेता घोषित की गई। निर्णायक मंडल की भूमिका ओम प्रकाश, राजन, संजय, श्रवण और अभिषेक ने निभाई। प्रतियोगिता का शुभारंभ उपक्रीड़ाधिकारी मोहम्मद इरफान और डॉ. वीरेंद्र ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री बृजेश सिंह ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि खेल, शारीरिक फिटनेस के अलावा अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। इनको दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
उपक्रीड़ाधिकारी मोहम्मद इरफान ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें मंच देना जिला खेल कार्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने विजेताओं को बधाई दी और हारने वालों से निरंतर अभ्यास करके अगली प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का आग्रह किया।