लखीमपुर खीरी। प्रदेश में कोविड ने एक बार फिर से दस्तक दे दी है। गाजियाबाद में चार मरीज मिलने के बाद हड़कंप मचा हुआ है, लेकिन यहां जिला अस्पताल में कोविड से निपटने के लिए कोई तैयारी अभी नहीं की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में कोविड का कोई मरीज अब तक नहीं निकला है। अगर कोई मरीज निकलता है तो उनकी तैयारी पूरी है।
वर्ष 2021 में दूसरी लहर में खासी तबाही मचाने वाले कोविड का खतरा फिर से मंडराने लगा है। गाजियाबाद जिले में कोविड के चार मरीज सामने आए हैं। इसके बाद से लोगों को डर सताने लगा है। वहीं कुछ महीनों पहले तक लखीमपुर के जिला अस्पताल में जो कोविड वार्ड बनाया गया था, उसे भी हटा दिया गया है। न ही लोगों को सतर्क रहने के लिए विभाग ने कोई एडवाइजरी जारी की है।
हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि कोविड का टीका लग जाने के बाद इस बार यह वायरस उतना प्रभावी नहीं है। इसलिए किसी को घबराने की जरूरत नहीं। बस थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है।
इन बातों का रखें ध्यान
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. कमलेंद्र वर्मा ने बताया कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। अगर जाना है तो मास्क लगाकर जाएं। बाहर से घर आने पर हाथ-पैरों को धुल लें। खासकर बच्चों-बुजुर्गों का ध्यान रखें। बेहतर खान-पान के साथ इम्युनिटी को बढ़ाएं। अगर कोविड का शिकार होते है तो आइसोलेट हो जाएं। इसके अलावा चिकित्सक से मिलें।
अपने जिले में कोविड का कोई भी केस अब तक सामने नहीं आया है। जिले के अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां पूरी हैं। - डॉ. संतोष गुप्ता, सीएमओ