लखीमपुर खीरी। शहर के अलावा ग्रामीण अंचल में निवास करने वाले मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चे भी निजी स्कूलों में अच्छी शिक्षा ग्रहण कर सकें, इसको लेकर आरटीई योजना की शुरूआत की गई। इस बार एक महीना पहले आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। खास यह है कि चार चरणों में पात्र पाए गए अभिभावकों के बच्चों को अब तक स्कूलों ने दाखिला नहीं दिया है। मौजूदा समय में 76 प्रतिशत सीटों पर ही प्रवेश लिए गए हैं।अभिभावकों का कहना है कि उन्हें तमाम तरह की कागजी कार्रवाई पूरी करने के लिए दौड़ाया जा रहा है।
साल 2010 में लागू आरटीई योजना स्कूल संचालकों की मनमानी का जरिया बन गई है। स्कूल संचालक मनमाने तरीके से योजना के तहत प्रवेश दे रहे हैं। हाल यह है कि अभिभावक स्कूलों के कई-कई चक्कर लगाने को मजबूर हैं। प्रवेश लेने में आनाकानी करने वाले कॉवेंट स्कूल संचालक सबसे आगे हैं। विभाग से पात्रता की शर्ताें पर खरा उतरने के बाद अभिभावक जब स्कूल पहुंचता है तो स्कूल संचालक अपने स्तर से जांच कराने के बाद ही प्रवेश देने की बात कहते हैं।
20 मई को जारी प्रवेश सूची को लेकर जो आंकड़े सामने आए, वह चौकाने वाले थे। दिसंबर से लेकर मई तक करीब छह महीने का समय बीतने के बाद भी अब तक 76 प्रतिशत सीटों पर ही प्रवेश मिले हैं। आरटीई के तहत आरक्षित 5387 सीटों के सापेक्ष 1034 सीटें योजना के लिए पात्र पाई गईं थीं, जिसमें से 785 सीटों पर ही प्रवेश मिले हैं। अब भी करीब 250 सीटों पर प्रवेश खाली हैं।
अभिभावकों का आरोप- योजना को फेल करने में जुटे हैं काॅवेंट संचालक
निर्धारित 25 प्रतिशत सीटों पर निशुल्क शिक्षा मिले, इसको लेकर कई स्तर पर पात्रता परखी जाती है। इसके बाद ही विभाग लेटर जारी करता है। इसके बाद भी स्कूल संचालक मनमानी करते हैं। बताते हैं कि काॅवेंट स्कूल संचालक मोटी फीस लेते हैं, जबकि शासन की ओर से न्यूनतम शुल्क दिया जाता है। अभिभावकों का आरोप है कि इसी वजह से स्कूल संचालक कम से कम प्रवेश हों, इसको लेकर तमाम तरह के कागजात मांगकर अभिभावकों को परेशान करते हैं। वहीं अभिभावकों का कहना है कि स्कूल संचालक सरकार की योजना को फेल करने में जुटे हैं।
शिक्षा का अधिकार (आरटीई) योजना के तहत पात्र पाए गए सभी बच्चों को स्कूल संचालक प्रवेश देना सुनिश्चित करें। नौ विद्यालयों को डीएम के आदेश के बाद नोटिस भी जारी किए गए हैं। अगर मनमानी इसी तरह जारी रही तो विभाग कार्रवाई करेगा। - प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए
इनको मिले नोटिस, एलाट सीटें, प्रवेश, रिक्त सीटें
लखनऊ पब्लिक स्कूल लखीमपुर-32-6-26
चिल्ड्रन एकेडमी लखीमपुर 15-04-11
अजमानी पब्लिक स्कूल लखीमपुर- 16-4-12
ग्रीन फील्ड एकेडमी रामनगर लखीमपुर- 08-00-08
आरएम ज्ञानदायिनी राजापुर- 06-02-04
पं.दीनदयाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज उदयपुर 18-14-04
सेठ एमआर जयपुरिया लखीमपुर-13-02-11
क्रास रोड इंटरनेशनल स्कूल गोला देहात-14-09-05
श्री राजेंद्र गिरि मेमोरियल एकेडमी लाल्हापुर-9-7-2
एक नजर
जिले में कुल स्कूल- करीब 825
जिले में कुल सीटें-करीब 5387
पहले चरण में पात्र आवेदन-करीब 400
दूसरे चरण में पात्र आवेदन-345
तीसरे चरण में पात्र आवेदन-238
चौथे चरण में पात्र आवेदन- 168