जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर निराश खड़े मरीज।
जानकारी के अभाव में पर्चा बनवाने अस्पताल पहुंचे थे करीब 150 मरीज
अस्पताल स्थानांतरित होने का नोटिस देखकर हुए निराश
लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल की ओपीडी सोमवार से मोतीपुर के एमसीएच में शुरू हो गई। मगर, प्रचार प्रसार के अभाव में तमाम मरीज सोमवार को भी दवा लेने लिए जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल चले जाने की जानकारी लगने पर कुछ मरीज जहां मोतीपुर चले गए तो कुछ मायूस होकर घर लौट गए। मरीजों का कहना था की अस्पताल प्रशासन को इसका प्रचार कराना चाहिए था, जिससे मरीज जिला अस्पताल तक दौड़ कर तो नहीं आते।
मेडिकल कॉलेज का अस्पताल बनने के लिए सीएमएस ने जिला अस्पताल को खाली कर दिया गया है। अब यहां की ओपीडी मोतीपुर स्थित एमसीएच विंग में चलेगी, जिसकी सोमवार से शुरुआत भी हो गई। अस्पताल ट्रांसफर की जानकारी न होने से तमाम मरीज सोमवार को भी दवा लेने के लिए सुबह आठ बजे पर्चा बनवाने के लिए जिला अस्पताल पंहुच गए, लेकिन वहां पर चस्पा नोटिस देखकर निराश हो गए। हालांकि इस दौरान कुछ मरीजों के लिए इमरजेंसी सहारा बनी। मगर, अधिकतर लोग मायूस होकर घर लौट गए।
तमाम मरीजों के लिए इमरजेंसी बनी सहारा
जिला अस्पताल पहुंचे मरीजों के लिए इमरजेंसी सहारा बना। दर्द आदि से कराह रहे मरीजों को इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर ने परीक्षण कर दवाएं दी। इससे राहत मिलने पर डॉक्टर ने उन्हें मोतीपुर जाने की सलाह दी। वहीं डायरिया और बुखार पीड़ित 15 माह की पारूल को लेकर सुरेंद्र कुमार इमरजेंसी पहुंचे। उन्हें प्राथमिक उपचार देकर बाल रोग विशेषज्ञ को दिखाने के लिए मोतीपुर जाने का मशविरा दिया गया। इस तरह तमाम मरीज अस्पताल शिफ्ट होने के कारण परेशानी उठाने के लिए मजबूर हुए।