लखीमपुर खीरी। अगले माह होली और उसके बाद ईद जैसे बड़े त्योहारों की दस्तक ने शहर के बाजारों में रौनक लौटा दी है। सहालग के बीच पड़ रहे इन त्योहारों ने कारोबार को नई गति दे दी है। रंग-गुलाल के साथ कचरी, पापड़ और अन्य खाद्य सामग्री की खरीदारी अभी से शुरू हो गई है, जिससे दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं।
शहर के सदर चौराहा, मेन रोड, संकटा देवी रोड और खीरी रोड समेत प्रमुख बाजारों में नमकीन, गुजिया और पापड़ की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। ग्राहक आदेश कुमार, ज्योति, नीलम देवी और रमेश वर्मा का कहना है कि त्योहार नजदीक होने से वे पहले ही खरीदारी कर रहे हैं, ताकि बाद में होने वाली भीड़भाड़ से बचा जा सके।
दुकानदार सर्वेश, पप्पू गुप्ता, दिनेश कुमार और कुलदीप के अनुसार बिक्री में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती है। वहीं कारीगर गुड्डू और रोहित बताते हैं कि नमकीन, मसाला समोसे और खुरमे की बड़ी मात्रा रोज तैयार की जा रही है, जो हाथोंहाथ बिक जा रही है।
रमजान और ईद को लेकर सेवईं, सूत फेनी, खोया और ड्राई फ्रूट की दुकानों पर भी चहल-पहल बढ़ गई है। व्यापारियों को उम्मीद है कि जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आएंगे, बिक्री में और तेजी आएगी।
-यह हैं कीमतें (प्रति किलो)
सेंवई : 60 से 140 रुपये
सूत फेनी : 80 से 160 रुपये
गुजिया : 360 से 550 रुपये
नमकीन : 200 से 600 रुपये
साखे, मठरी, खुरमा, सेव, सेमी, मसाला समोसा, मसाला काजू : लगभग 200 रुपये
(नोट : कीमतों में बदलाव संभव है।)
बाजार में रमजान और ईद के लिए सेंवई और सूत फेनी की खरीदारी कर रहे लोग। संवाद