गोला गोकर्णनाथ। एक सप्ताह पूर्व विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पति ने पत्नी के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी पंकज गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 19 जुलाई को वह रोज की भांति अपने व्यापार के लिए लखीमपुर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति गया था। उनकी गैरमौजूदगी में सूचना मिली कि पत्नी प्रीती गुप्ता ने फंदा लगाकर जान दे दी है। उसका शव दरवाजे के सहारे लटका मिला। आरोप है कि लगभग दो वर्ष पूर्व मोहल्ला मुन्नूगंज गोला निवासी एक व्यक्ति से पत्नी का प्रेम-प्रसंग हो गया था।
वारदात से दो दिन पूर्व प्रीती की बात आरोपी से लगभग 20 मिनट तक हुई, जिसकी कॉल रिकार्डिंग पत्नी के मोबाइल फोन में मौजूद है। पत्नी प्रीती गुप्ता अपने प्रेम-प्रसंग के संबंधों के बारे में बराबर मुझसे व अपने मायके वालों से इनकार करती रहती थी। आरोपी प्रीती को आए-दिन तंग करता था कि वह अपने पति व बच्चों को छोड़कर हमेशा के लिए उसके पास आ जाए। आरोप है कि इसी प्रेमी ने पत्नी की हत्या कर उसे दरवाजे में रस्सी के सहारे लटका दिया है। प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग स्पष्ट हुआ है। तहरीर अभी नहीं मिली है।