गायत्री शक्तिपीठ में 31 वर्षों से अनवरत प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति। संवाद
खमरिया। दीपावली पर खमरिया में घरों के दीप गायत्री शक्तिपीठ की अखंड ज्योति से जलाए जाते हैं। वर्ष 1996 में शारदीय नवरात्र के दौरान सूर्य की किरणों से प्रज्ज्वलित की गई यह ज्योति आज भी लगातार जल रही है। तीन पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा से कस्बे के लोगों की आस्था जुड़ी है।
धौरहरा तहसील के खमरिया पंडित स्थित गायत्री शक्तिपीठ में माता गायत्री की प्रतिमा के सामने उत्तल लेंस से सूर्य की किरणों को केंद्रित कर देशी गाय के शुद्ध घी से ज्योति जलाई गई थी, तब से इसे अखंड बनाए रखने के लिए लगातार देशी गाय के शुद्ध घी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
दीपावली की शाम लोग शक्तिपीठ पहुंचकर इसी ज्योति से अपने दीप जलाते हैं और घर ले जाकर दीपमाला सजाते हैं। बुजुर्गों के साथ बच्चे और युवा भी इस परंपरा में शामिल होते हैं। जिन लोगों ने बचपन में अपने माता-पिता के साथ यहां से दीप जलाए थे, वे अब अपने बच्चों को भी इस परंपरा से जोड़ रहे हैं।
गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक मुरलीधर मौर्य बताते हैं कि अखंड ज्योति के समक्ष प्रतिदिन सुबह तीन बजे से रात नौ बजे तक जप-साधना होती है। यहां द्वादश ज्योतिर्लिंगों का रुद्राभिषेक और नौ कुंडीय यज्ञशाला में 24 देवशक्तियों के निमित्त विशेष आहुतियां दी जाती हैं। इसके अलावा प्रज्ञा योग व्यायाम, धर्मार्थ चिकित्सा परामर्श केंद्र और आवासीय संस्कारशाला का संचालन भी किया जाता है।