मेडिकल कॉलेज के सी विंग में बना अल्ट्रासाउंड कक्ष। संवाद
लखीमपुर खीरी। जिला महिला अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग को मेडिकल कॉलेज के नए भवन के सी विंग में शिफ्ट हुए काफी समय हो गया है, लेकिन अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था अब भी पुरानी मशीन पर निर्भर है। इसका खामियाजा दूर-दराज से आने वाली गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है।
अस्पताल में प्रतिदिन 70-80 गर्भवती महिलाओं की अल्ट्रासाउंड जांच होती है। इसके लिए पोर्टेबल मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। कुछ जांच के बाद मशीन गर्म होकर बंद हो जाती है। उसे दोबारा चालू करने के लिए 20-30 मिनट ठंडा करना पड़ता है। इससे मरीजों को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ता है।
अल्ट्रासाउंड कक्ष में दो पोर्टेबल मशीनें हैं, लेकिन सेटअप एक का ही है। इससे एक मशीन पर पूरा लोड पड़ रहा है, जबकि दूसरी धूल फांक रही है। तीमारदार अशोक, राजाराम और संगीता का कहना है कि दोनों मशीनें चालू होने से मरीजों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
पोर्टेबल मशीनों की क्षमता अधिक नहीं होती। इसलिए अल्ट्रासाउंड कक्ष में दो मशीनें लगवाई गई हैं। दूसरी मशीन क्यों नहीं चल रही है, इसका पता कराएंगे।
-डॉ. वाणी गुप्ता, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज