लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निर्मलनगर स्थित एक किराये के मकान में मंगेतर के साथ रह रही युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की सूचना पर पहुंचे युवती के परिजन शव गांव ले आए जहां पर अंतिम संस्कार की तैयारी पूरी की जा रही थी।
इधर पुलिस को घटना की भनक लगी तो अंतिम संस्कार रुकवाकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इतना ही नहीं पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। परिजनों के मुताबिक, फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव बेचेपुरवा करदहिया निवासी लीलावती (22) की शादी तय थी। इसी साल उसकी शादी शारदानगर के गांव मूलचंदपुरवा निवासी योगेंद्र के साथ होनी थी। दोनों पक्ष के परिजनों की रजामंदी से मृतका और योगेंद्र मोहल्ला निर्मलनगर स्थित एक किराए के मकान में रह रहे थे।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर मौजूद मृतका के परिजनों ने बताया कि घटना मंगलवार की देर रात हुई। माना जा रहा है कि किसी बात को लेकर योगेंद्र और लीलावती के बीच कहासुनी हुई होगी। इसी बात से क्षुब्ध लीलावती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर दी।
सूचना पर पहुंचे परिजन लीलावती का शव लेकर योगेंद्र के गांव मूलचंद पुरवा पहुंच गए। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे कि इसी बीच पुलिस आ धमकी। पुलिस ने संस्कार क्रिया को रोककर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना के पीछे का कारण जानने का प्रयास करने में जुट गई है।
वर्जन
मामला संज्ञान में आया था। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मनोज कुमार सिंह, एसओ शारदानगर