मोहम्मदी-लखीपुर खीरी हाईवे पर जाम लगाकर नाराजगी दिखाते मृतक के घरवाले।
दो दिन पहले संदिग्धावस्था में जिगना गांव के पास मिला था शव
अमीरनगर। मोहम्मदी थाना क्षेत्र के जिगना गांव के पास दो दिन पहले संदिग्ध हालात में मिला शव जब मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो गुस्साए ग्रामीणों ने मोहम्मदी-लखीमपुर हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम के कार्रवाई का आश्वासन देने पर जाम खुला। पुलिस ने हत्या के मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के गांव जिगना निवासी राजेंद्र यादव पुत्र वीरपाल यादव का शव दो दिन पहले संदिग्धावस्था में गांव से बाहर खेत में पाया गया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव घर आया तो गुस्साए परिवार के लोगों ने रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर कुंभी के पास हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की खबर लगते ही सीओ राजेश कुमार सिंह, इंस्पेक्टर राकेश कुमार गुप्ता ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर परिवार वालों को समझाने का काफी प्रयास किया। मामला बनते न देख एसडीएम मोहम्मदी मौके पर पहुंचे उन्होंने हत्या के मामले रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया तब जाम खुला। ढाई घंटे तक चले जाम से यातायात बाधित रहा।
पुलिस ने मृतक के पिता वीरपाल की तहरीर पर ललवापुर निवासी रामकुमार यादव, राजेंद्र उर्फ गुड्डू, दिनेश, शिवकुमार, राजेश के खिलाफ हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या के मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।