लखीमपुर खीरी। जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर 25, 26 और 27 अप्रैल को दो-दो पालियों में उप्र होमगार्ड पदों के लिए एनरोलमेंट परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराने के लिए सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में सीडीओ अभिषेक कुमार ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
सीडीओ ने केंद्र व्यवस्थापकों और मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली और बैठने सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से पहले सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी नियमों का गहन अध्ययन करने के लिए कहा और स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह, एएसपी पूर्वी पवन गौतम, सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।