लखीमपुर खीरी। साठ साल से अधिक के बुजुर्ग एवं 45 से 60 वर्ष की आयु के वह लोग जो गंभीर बीमार से पीड़ित हैं, इन सबको 26 मार्च तक कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। जिला प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। टीकाकरण के लिए बुजुर्ग एवं बीमार कोविन एप 2.0 एवं आरोग्य सेतु पर स्वयं पंजीकरण कर सकते हैं। उधर, जिन लोगों का पंजीकरण नहीं हो सकेगा उन्हें भी वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए उन्हें अस्पताल पहुंचकर पहले पंजीकरण होगा।
शासन ने स्वास्थ्य कर्मियों एवं फ्रंट लाइन वर्कर्स के बाद बुजुर्ग एवं गंभीर बीमारी से पीड़ितों का टीकाकरण करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए गाइड लाइन भी जारी हो गई है। बुजुर्ग एवं बीमार लोगों की सुविधा के लिए सरकार ने पंजीकरण एवं बिना पंजीकरण कराए भी टीकाकरण की सुविधा दी है।
20 बीमारियों से पीड़ित बिना पंजीकरण लगवा सकते हैं टीका
45 साल से अधिक उम्र वाले जिन गंभीर मरीजों को टीकाकरण में शामिल किया गया है उनमें हार्ट फेल, हृदय वॉल्व का प्रत्यारोपण करा चुके, वॉल्व की बीमारी, जन्मजात दिल की बीमारी, उच्च रक्तचाप, डायबिटीज, दिल की धमनियों में रुकावट, किडनी-लिवर की बीमारी, डायलिसिस व पेरिटोनियल डायलिसिस वाले, सांस की बीमारी, एचआईवी संक्रमित, मस्कुलर डिस्ट्राफी, इंटेलेक्चुअल डिसएबिलिटीज, दृष्टिबाधित, मूक बाधिर, कैंसर जैसे ल्यूकीमिया, लिंफोमा, मायलोमा, एप्लास्टिक एनीमिया, सिकल सेल डिजीज, थैलीसीमिया मेजर, बोनमैरो फेल्योर, स्ट्रोक सहित 20 बीमारियों को शामिल किया है। इनसे पीड़ित लोग पंजीकरण कराकर एवं बिना पंजीकरण कराए भी वैक्सीन लगवा सकेंगे।
वैक्सीन लगवाने से पहले देना होगा विवरण
यदि पंजीकरण कराया है तो टीकाकरण कराने से पहले अस्पताल पहुंचकर मोबाइल पर आए पंजीयन नंबर का मेसेज दिखाएं। मेसेज यदि नहीं है तो पंजीयन काउंटर पर पंजीकरण कराएं। स्टाफ की ओर से मांगी गई जानकारी दें। इसके बाद वैक्सीन लगवाएं। इसके बाद एक कार्ड मिलेगा, जिस पर दूसरी डोज लगने की तारीख दर्ज होगी।
बिना पंजीकृत लोगों के 11 से पांच बजे तक लगेगी वैक्सीन
रोजना हर केंद्र पर 100 लोगों के वैक्सीन लगेगी। सुबह नौ से 11 बजे तक पंजीकृत लोगों के और बिना पंजीकरण वालों के 11 से शाम पांच बजे तक टीकाकरण होगा।
बीमारी की स्थिति में देना होगा प्रमाण पत्र
यदि आपकी की उम्र 45 साल से अधिक है और आप किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं तो टीकाकरण कराने के दौरान जो डॉक्टर आपका इलाज कर रहा है, उससे बीमारी का प्रमाण पत्र बनवाकर प्रस्तुत करना होगा।
पहचान के लिए ये देने होंगे प्रपत्र
पंजीकरण कराते समय आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मनरेगा जॉब कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, बैंक या फिर पोस्ट ऑफिस की पासबुक, पासपोर्ट, पेंशन प्रमाण पत्र आदि में से कोई भी दे सकते हैं।
पोर्टल पर अपलोड करनी होगी डिटेल
डॉ. उज्जवल कुमार बताते हैं कि पोर्टल पर नाम से लेकर आधार कार्ड नंबर, जन्मतिथि आदि सही सही अपलोड करें। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा।
सभी सरकारी अस्पताल एवं आयुष्मान योजना से संबद्घ जिले के दो निजी अस्पतालों में बुजुर्ग एवं बीमार लोगों को टीकाकरण हो रहा है। बुजुर्ग एंव बीमार नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जाकर वैक्सीन लगवा सकते हैं।
- डॉ. आरपी दीक्षित, एसीएमओ